Showing posts with label Mass Communication. Show all posts
Showing posts with label Mass Communication. Show all posts

Tuesday, July 17, 2007

नहीं पता कैसे बचेगी हिंदी

आसपास हिंदी है। बातचीत हिंदी है। माध्यम हिंदी है। और हर जनसंचार माध्यम के साथ हिंदी है। तो क्या माना जाए कि हिंदी, जो कि अब ब्लाग के हजारों पन्नो पर मौजूद है, इतनी लोकप्रिय हो चली है कि उसे रोजाना खबर बनाना जरूरी नहीं है। लगता कुछ ऐसा ही है।

आठ बार हो चुके विश्व हिंदी सम्मेलन के फायदे क्या है। इस बार के हिंदी सम्मेलन में नामधन्य लोग नहीं गए। कहा कि फिजूल है। वहां तो फला विचारधारा का कब्जा है।

तो क्या हिंदी विचारधारा में फंसी भाषा है। वो भारतीय नहीं है। वो किसी लेखक और प्रचारक की मोहताज है।

विदेश मंत्रालय तो इसे हर साल फैलाए जा रहा है। लोग तीन दिनों में इसकी सुध भी ले लेते है। लेकिन क्या हिंदी जनसंचार माध्यमों से फैल रही है। नहीं।

जिस हिंदी की बात इन सम्मेलनों में होती है वो कही किताबों और इतिहास में दर्ज है। आज वैश्वीकरण की जिस तरीके को हिंदी ने ढाला है, वो अनोखी है, क्रियात्मक है।

लेकिन हमारा सरोकार क्या है। टीवी इसे देखता नहीं, रेडियो को गाना बजाने से फुरसत नहीं। पेपरों में कुछ सौ शब्दो में हिंदी की कहना संभव नहीं। तो कैसे बचे हिंदी।

मेरा लिखना केवल लिखना भर है। मैं विचार के तौर पर जानता हूं कि हिंदी को समय और काल ने घेर रखा है। उसे अपनाना हीनता का भाव लाता है। उससे दूर रहना उच्चता है।

टीवी से हिंदी को समय देना अब केवल सपना भर है। रेडियो के विकास ने हिंग्लिश को पनपा रखा है। अखबारों में अंग्रेजी भाषा के शब्द घुस रहे है। तो कैसे बचे हिंदी।

नहीं पता कैसे बचेगी हिंदी।

सूचक
soochak@gmail.com

Send your write-ups on any media on "mediayug@gmail.com"
For Advertise 'SMS' us on: +91-9911940354

Thursday, April 05, 2007

जनसंचार माध्यमों की दंतकथा (रेडियो)

तो बात पढ़ने पढ़ाने पर खत्म हुई थी। इसे अब आवाज़ से शुरू करते है। रेडियो की आवाज़। आकाशवाणी। याद होगा आपको। सिलोन रेडियो से गूंजती गंभीर दिल को छू लेने वाली आवाजें। जमाना बदल गया है। ग्रीन पार्क के ढींगरा साहब की मर्सिडीज में रेडियो आज भी बजता है। उनका ड्राइवर उनकी नामौजूदगी में एफएम सुनता रहता है। रेडियो बजता रहता है। आज महानगरों में रेडियो का संजाल है। रेडियो सिटी, रेड एफएम, रेडियो मिर्ची, बिग एफएम, रेडियो वन, फीवर १०४ और साथ में खड़ा है आकाशवाणी का एफएम। निजी रेडियो कंपनियों ने हर शहर को गानों की गूंज से गुजांयमान कर दिया है। ये अलग बात है कि एक पर सुना गाना ज्यादातर दूसरे पर कुछ घण्टों में बजता है। रेडियो ने पहचान ढूंढ ली है। उसका पुनर्जागरण हो चुका है। ये अलग बात है कि पहचान में समरूपता हावी है। दरअसल जिस रेडियो को पहले आप दिन भर अपनी दिनचर्या का हिस्सा मानते थे, वो अब मनोरंजन भर बन गया है। घर में काम के साथ धुन बज रही है तो गाड़ी में चलने के साथ। खैर ये वो समय है जब हर यंत्र संगीत देने में जुटा है। मोबाइल से लेकर एमपी थ्री प्लेयर तक। वैसे आकाशवाणी से गानावाणी तक पहुंचने के बीच रेडियो ने एक दौर ऐसा भी देखा है जब ये गांव देहात तक सीमित हो चुका था। या क्रिकेट की कमेंट्री सुनने का सस्ता और फीजिबिल माध्यम। रेडियो को अपनाना बीच के दौर में गरीबी और निम्न वर्ग का प्रतीक सा था। जैसे बंबई से कमाकर हाथ में रेडियो लेकर लौटता एक गांव का छोरा। रेडियो ने भारत के प्रसव काल को देखा, जन्म काल को सुनाया और विकासकाल में गुम सा गया। अब दोबारा ये पुनर्जन्म ले चुका है। एक नए कलेवर में। बाजार में इसका सुनना सुनाना अब शौक है। और इसे अपनाना फैशन। मोबाइल वाला रेडियो बिकता है। और कार में विदेशी प्लेयरों में देशी आवाज राग अलापती है। ये अलग बात है कि इस नए जन्म ने रेडियो के इतिहास में खास योगदान नहीं दिया है। क्योंकि बाजार में पैठ बनाने और एकरसता के शिकार रेडियो चैनल क्या परोस रहे है, ये समझ के परे है। रात को नौ बजे लड़के लड़को की सेटिंग या दिल की बात बताते लवुगुरू। ऐसे में आप केवल गानों को सुनना ही पसंद करते है। पर एक बात है कि नए अवसर और नए नाम बन रहे है। पर ये नाम इतिहास में दर्ज होने वाले नहीं है। ये बरसाती मेढ़क जैसे नाम है। रेडियो चैनलो की बरसात और तकनीकी सम्पन्न चैनलो में माइक पर चिक चिक करते रेडियो जॉकी।

नए रेडियो चैनलो ने गंभीर प्रयास के तौर पर नामी समाचार माध्यमों से करार किए। पर वहां भी नामी गिरामी लोगों के इंटरव्यू में पूछा गया फिल्म कौन सी अच्छी लगती है, गाना कौन सा। खैर ये नया कदम कब गांव देहात की सुनाएगा, इसका इंतजार है।

देखा जाए तो भविष्य मोबाइल के कालर ट्यून जैसा लगता है। तब नया गाना आए को ट्यून बदल लीजिए। लोगों ने फ्रीक्वेंसियों पर रेडियों ट्यून करना अब सीख लिया है। लोग सुन रहे है। जो बज रहा है। लेकिन एक हल्की याद्दाश्त के साथ

सूचक
soochak@gmail.com

Send your write-ups on any media on "mediayug@gmail.com"

Monday, April 02, 2007

जनसंचार माध्यमों की दंतकथा (अखबार)

अखबार, रेडियो, टेलीविजन और इंटरनेट। चार जनसंचार माध्यम। चार जरिए, जिससे आप जहां को जानते है। समझते है। पर क्या सचमुच। सवेरे सवेरे अखबार बांचने वालों में क्या पढ़ा जाता है, और क्या नहीं। ये सोचने वाला विषय हो चला है। खासकर जब सवेरे सवेरे मध्यम आकार के चटपटे अखबार बड़ी संख्या में बिकने लगे। मुंबई में मिड-डे है तो, दिल्ली में मेट्रो नाउ। जायका बदल रहा है। हार्डकोर न्यूज के सामने रसभरी खबरों को तरजीह दी जा रही है। ध्यान रखें कि ये आकलन शहरों का है। अखबारों की बड़ी कतार सड़क किनारे दुकानों पर दिखती है। अंग्रेजी में टाइम्स आफ इंडिया, हिंदुस्तान टाइम्स, पाएनियर, द हिंदु, स्टे्टसमैन, इकानामिक टाइम्स, मिंट आदि लुभावने अखबार है। समय के साथ चलते रहने और बदले में, आप इसे तारीफ न समझे, टीओआई ने बढ़त ली है। पहले जिस अखबार का संपादक प्रधानमंत्री के बाद सबसे ताकतवर शख्स होता था, आज उसी टीओआई में संपादक का पद खाली है। जरूरत नहीं है। उन्नीस सौ नब्बे में उदारीकरण के बाद ये अखबार बदलता ही रहा। कभी शहर दर शहर तस्वीरों से पटे पेज थ्री के जरिए, तो कभी संपादकीय को गैर जरूरी समझकऱ। वैसे जिस बयार में आपको भी न समझने लायक छोड़ा है, उसे फांसने में टाइम्स आफ इंडिया सबसे आगे रहा। नहीं है सहमत, तो मेट्रो नाउ देखिए। संवाददाता आपको अंतरंग वस्त्रों की दुकान पर सेल्स गर्ल बनकर अनुभव लिखती दिख जाएगी। खैर बयार में मौजूद रहने वालो अंग्रेजी अखबारों में एचटी ने भी अपने सप्लीमेटों के जरिए दखल बनाई हुई है। रही बात हिंदु, पायनियर, स्टेट्समैन की तो, वे बदस्तूर जारी है। अपनी भूली बिसरी पहचान और नोस्टालजिया के साथ। शायद वक्त बदले और दिन बहुरे।

गुलाबी अखबारों की क्या कहें। अलग पाठक, अलग खबर और टीवी पर इंसान को कुत्ता बनाने वाले विग्यापन। इक़ॉनामिक टाइम्स की रचनात्मकता आपको पिकासो की लगती है, तो मिंट का आकार ईटी के आगे छोटा लगता है। बहरहाल असरदार दोनों है। पर सीमित वर्ग के लिए।

हिंदी का अखबार बाजार अनोखा है। नवभारत टाइम्स, हिंदुस्तान, पंजाब केसरी, दौनिक जागरण, वीर अर्जुन और तमाम फुटपाथ पर सजे अलग अलग नामों के अखबार। नभाटा की साख थी। आज प्रचार ज्यादा है। जान और अब्राहम के नाम को मिलाइए औऱ इनाम पाइए। यही नभाटा बचा है। हिंदुस्तान में लेख है, पर व्याकरणीय गलती पांच क्लास का बच्चा पकड़ ले। औऱ रविवार का संपादकीय लेख साहित्याकार भी पढ़कर झल्ला जाए। यानि वक्त के साथ वो बदलाव नहीं है। रही बात पंजाब केसरी की तो अखबार पढना कहां से शुरू करें, ये तय करना मुश्किल है। पहले सिनेमा है या समाज, इस अखबार को देखकर समझा जा सकता है। रही बात दैनिक जागरण की तो राजधानी की छन्नी में उसकी विचारधारा छन जाती है। निकलकर आती है तो रंगरोगन भरे पन्ने। वीर अर्जुन, महामेघा और अन्य अखबार जारी है। वजूद की लड़ाई के साथ।

जाहिर है आप रोजाना दो से ज्यादा अखबार नहीं पढ़ सकते। भले ही आप पत्रकार हो। तो जो भी पढ़े, दिन भर के लिए क्या पढना है, ये तय करना जरूरी हो गया है। और तय करने के लिए आप जो भी पढ़े, उसका आपकी रूचि का होना। और जनाब आपकी रूचियां बदल चुकी है। यकीन नहीं होता। तो टीवी चलाकर देखिए। जो दिख रहा है, वो ही आपकी रूचि मानी जा रही है। खैर...बाकी जनसंचार माध्यमों पर जल्द ही...

सूचक
soochak@gmail.com

Send your write-ups on any media on "mediayug@gmail.com"